शिक्षकों की कमी पर छात्राओं का प्रदर्शन, ब्लॉक घेराव के दौरान कई बेहोश






सतगावां : कोडरमा जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पोखरडीहा की छात्राएं शिक्षकों की कमी और पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायत लेकर शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय पहुंचीं। बड़ी संख्या में छात्राओं ने प्रभारी बीडीओ सह सीओ मनोज कुमार रवि के समक्ष अपनी समस्या रखी और ब्लॉक का घेराव किया। इसी दौरान कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़ीं। बीमार छात्राओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।


छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं और परीक्षा नजदीक होने के बावजूद पाठ्यक्रम पूरा नहीं कराया गया है। उन्होंने शिक्षकों पर पढ़ाई में लापरवाही बरतने और सवाल पूछने पर उन्हें टालने का भी आरोप लगाया। छात्राओं ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उन्होंने अधिकारियों और अभिभावकों की मौजूदगी में वार्डन प्रतीक्षा मिंज के खिलाफ शिकायत की थी। उनका आरोप है कि शिकायत करने पर टीसी काटकर घर भेजने की धमकी भी दी जाती है।
अधिकारियों ने पहले दो दिनों के भीतर बैठक कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन छात्राओं का कहना है कि एक सप्ताह बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज छात्राएं विद्यालय से पैदल प्रखंड कार्यालय पहुंचीं। काफी देर तक पैदल चलने के कारण भी कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है। छात्राओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और उनकी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।


