मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी पहल, सीटें 25 से बढ़ाकर 50 करने की तैयारी



जमशेदपुर : झारखंड के छात्रों के लिए मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में मेडिकल सीटों की संख्या बढ़ाने की पहल शुरू हुई है। झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता और पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात कर इस मुद्दे पर चर्चा की। बैठक में मणिपाल एजुकेशन एंड मेडिकल ग्रुप के प्रेसिडेंट सोमनाथ दास भी मौजूद रहे। फिलहाल राज्य के विद्यार्थियों के लिए 25 सीटें हैं, जिनमें 10 सामान्य और 15 आरक्षित हैं। प्रस्ताव के अनुसार इन्हें बढ़ाकर 50 किया जाएगा, जिसमें 20 सामान्य और 30 आरक्षित सीटें होंगी।कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि सीटें बढ़ने से अधिक विद्यार्थियों को झारखंड में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा मिल सकेगी और दूसरे राज्यों पर निर्भरता घटेगी। बैठक में मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम सुविधा शुरू करने की मांग भी रखी गई। फिलहाल इसके लिए लोग एमजीएम मेडिकल कॉलेज पर निर्भर हैं, जिससे कई बार परिजनों को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ता है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दोनों प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख जताते हुए आगामी शैक्षणिक सत्र तक आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।



