CSR फंड के नाम पर 3 करोड़ की ठगी, अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार



जमशेदपुर : सीएसआर फंड दिलाने का झांसा देकर एक संस्था के बैंक खाते से करीब तीन करोड़ रुपये की निकासी करने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी अमन कुमार सिंह उर्फ रघु (29) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सीएसआर फंड उपलब्ध कराने का भरोसा देकर होप-हेल्प फॉर ऑल फाउंडेशन के नाम से एक्सिस बैंक में करंट अकाउंट खुलवाया। इसके बाद खाते से जुड़े दस्तावेज और सिम कार्ड अपने कब्जे में लेकर बैंक खाते का संचालन शुरू कर दिया। खाता खुलने के पांच दिनों के भीतर करीब तीन करोड़ रुपये जमा हुए, जिसे बाद में अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया गया।
साइबर थाना पुलिस ने बैंक लेनदेन, मोबाइल नंबर और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर आरोपी को पकड़ा है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और बरामद मोबाइल की फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।


