बस किराया और सड़क सुरक्षा पर सख्ती, DC की बैठक में अवैध वसूली रोकने के निर्देश से हड़कंप



गुमला : जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा और बस किराया व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में साफ निर्देश दिए कि बसों द्वारा यात्रियों से मनमाना किराया वसूले जाने की शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाए और अवैध वसूली पर तुरंत रोक लगाई जाए।

बैठक में उर्मी चौक पर गोलंबर निर्माण, जोड़ाजाम में हाई मास्ट लाइट लगाने और सड़क हादसों को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट्स को दुरुस्त करने जैसे अहम फैसले लिए गए। अधिकारियों को हाईवे पर बने अवैध कटों को बंद करने और सड़क सुरक्षा उपायों को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही प्रशासन ने एम्बुलेंस रिस्पांस टाइम को 15 मिनट से कम करने का लक्ष्य तय किया है, ताकि सड़क दुर्घटना के बाद घायलों को जल्द से जल्द इलाज मिल सके। स्कूल बसों की फिटनेस जांच को भी सख्ती से कराने का निर्णय लिया गया है, जिससे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


