रात में शुरू होगी सड़कों की सफाई, साप्ताहिक समीक्षा में अधिकारियों को सख्त निर्देश



जमशेदपुर : मानगो नगर निगम की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रमुख सड़कों पर रात के समय नियमित सफाई अभियान शुरू किया जाए, ताकि दिन में यातायात प्रभावित न हो और शहर साफ-सुथरा बना रहे। साथ ही मानसून को देखते हुए नालियों की सफाई और कचरा उठाव में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया।बैठक में सफाई कार्यों की प्रगति, जल निकासी, हाईमास्ट लाइटों के रखरखाव और अन्य नागरिक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम ने साफ कहा कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी योजनाओं को तय समय के भीतर धरातल पर उतारा जाएगा।




