एनसीसी ‘बी’ सर्टिफिकेट परीक्षा में मनीपाल टाटा मेडिकल कॉलेज का जलवा, 100% रिजल्ट से बनाया रिकॉर्ड


नई दिल्ली / जमशेदपुर : एनसीसी मुख्यालय, नई दिल्ली द्वारा आयोजित ‘एनसीसी बी सर्टिफिकेट परीक्षा’ के परिणाम घोषित होने के साथ ही जमशेदपुर के मनीपाल टाटा मेडिकल कॉलेज (MTMC) ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी श्रेष्ठता साबित की है। 37 झारखंड बटालियन एनसीसी के अंतर्गत आने वाले 9 कॉलेजों के कुल 377 कैडेट्स का मूल्यांकन किया गया, जिसमें MTMC ने 100 प्रतिशत उत्तीर्ण दर हासिल कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की।

कॉलेज के कैडेट्स ने न केवल उत्तीर्णता में बल्कि रैंकिंग में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शहर के टॉप-10 में कॉलेज के चार कैडेट्स ने जगह बनाई, जिसमें कॉर्पोरल असेस मोहंता ने प्रथम स्थान प्राप्त कर कॉलेज और जिले का नाम रोशन किया। इसके अलावा कैडेट हर्षल दत्त ने तीसरा स्थान, कैडेट अंजनेश ने सातवां स्थान और कैडेट ऐसानी शरण्या गोस्वामी ने दसवां स्थान हासिल किया।
इस सफलता का श्रेय कॉलेज के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट (डॉ.) नीलम गोयल, बीसीए विशाल पांडेय, जीसीए किरण लोहरा और ईएसएम संतोष कुमार यादव के कुशल मार्गदर्शन और कैडेट्स की कड़ी मेहनत को दिया जा रहा है। कॉलेज के प्रभारी डीन और निदेशक ने सभी सफल कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का परिणाम है, और भविष्य में भी इस स्तर को बनाए रखने के लिए सभी को प्रेरित किया गया।


