15 साल से फरार कुख्यात नक्सली गिरफ्तार, कई राज्यों में फैला था आतंक


बिहार : करीब डेढ़ दशक से फरार चल रहे कुख्यात नक्सली प्रदीप यादव को सुरक्षा बलों ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को खुफिया सूचना के आधार पर एसएसबी और डुमरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमावर्ती रबदी गांव में छापेमारी कर उसे पकड़ लिया। इस कार्रवाई को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है।

बताया गया कि प्रदीप यादव मूल रूप से झारखंड के पलामू जिले का रहने वाला है और बिहार समेत कई राज्यों में नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था। वह 2012 में पुलिस और सीआरपीएफ की सर्चिंग टीम पर हुए हमले में शामिल रहा है। इसके अलावा हथियार लूट की साजिश के दौरान अंधाधुंध फायरिंग की घटना में भी उसका नाम सामने आया था, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हुआ था।
लंबे समय तक फरार रहने के दौरान वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा। गिरफ्तारी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा में थाना लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।


