598 करोड़ का टैक्स नोटिस पाकर दंग रह गया धोबी, जांच में बड़ा घोटाला आया सामने


अजमेर : राजस्थान के अजमेर में एक साधारण धोबी को उस समय बड़ा झटका लगा जब उसके नाम पर 598 करोड़ रुपये के लेनदेन का आयकर नोटिस पहुंच गया। रामगंज इलाके में रहने वाले इस व्यक्ति की आय बेहद सीमित है, लेकिन उसके बैंक खाते में करोड़ों रुपये के हीरे के कारोबार से जुड़े ट्रांजेक्शन पाए गए, जिससे मामला बेहद संदिग्ध बन गया।

जांच में सामने आया है कि इस पूरे खेल के पीछे हीरा कारोबारी और बैंक से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका हो सकती है, जिन्होंने फर्जी तरीके से उसके दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बड़े स्तर पर लेनदेन किया। आयकर विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि कहीं यह मामला मनी लॉन्ड्रिंग या संगठित वित्तीय धोखाधड़ी से तो जुड़ा नहीं है।
फिलहाल विभाग ने धोबी से पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा है, जबकि संदिग्ध खातों और लेनदेन की गहन जांच जारी है। इस घटना ने सिस्टम में पहचान के दुरुपयोग और बड़े आर्थिक घोटाले की आशंका को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


