बैंकॉक में विजय का जलवा, एक साथ स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास


चाईबासा : बैंकॉक में आयोजित वर्ल्ड पारा आर्चरी सीरीज 2026 (लेग-1) में झारखंड के चाईबासा निवासी तीरंदाज विजय सुंडी ने शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया है। 29 मार्च से 5 अप्रैल तक चली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पहली बार भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे विजय ने अपने खेल से सभी को प्रभावित करते हुए एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किया।

पुरुष वर्ग के रिकर्व राउंड टीम इवेंट में विजय सुंडी और हरविंदर सिंह की जोड़ी ने फाइनल मुकाबले में चाइनीज ताइपे को 6-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा मिक्स्ड टीम इवेंट में विजय और भाविना पटेल की जोड़ी ने स्लोवेनिया को रोमांचक शूट-ऑफ में हराकर कांस्य पदक हासिल किया। मुकाबले में 4-4 की बराबरी के बाद निर्णायक शॉट में भारत ने 10.9 अंक हासिल किए, जबकि स्लोवेनिया 9.8 अंक ही बना सका।
व्यक्तिगत प्रदर्शन में भी विजय ने 70 मीटर राउंड में 323 और 318 अंक हासिल कर कुल 641 अंकों के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से सिकुरसाई स्थित तुरतुंग तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र में खुशी का माहौल है। कोच महर्षि महेंद्र सिंकू ने उनकी तकनीकी क्षमता और मानसिक मजबूती की सराहना करते हुए भविष्य में पारा एशियाई खेलों और पैरालंपिक में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।


