6 आंगनबाड़ी केंद्र गोद लेंगे विश्वविद्यालय, छात्रों को मिलेगा इंटर्नशिप का बड़ा मौका


लखनऊ : उत्तर प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय अब अपने आसपास के कम से कम 6 आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेंगे। इस पहल के तहत छात्र इन केंद्रों पर इंटर्नशिप करेंगे, शोध कार्य करेंगे और सामुदायिक कार्यक्रम भी आयोजित करेंगे। इसका उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के विकास में सहयोग देना और बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाना है।

निर्देश के अनुसार स्नातक और स्नातकोत्तर के छात्र यहां प्रशिक्षण लेंगे और बच्चों को रोचक तरीके से पढ़ाने के साथ उनकी समस्याओं को समझेंगे। वहीं पीएचडी छात्र शोध के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों के स्तर को सुधारने के सुझाव देंगे। इसके अलावा विश्वविद्यालयों द्वारा स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर और जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत प्री-प्राइमरी शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इसके जरिए बच्चों को भाषा और गणित में बेहतर बनाने के लिए विशेष कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे, जिससे उनकी शुरुआती शिक्षा और मजबूत हो सके.


