रेलवे में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, रिटायरमेंट के बाद नए जीएम को अतिरिक्त प्रभार


नई दिल्ली : रेलवे मंत्रालय ने साउथ ईस्टर्न रेलवे (SER) में शीर्ष स्तर पर बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। 30 मार्च 2026 को जारी आदेश के अनुसार, अनिल कुमार मिश्रा के 31 मार्च को सेवानिवृत्त होने के बाद सौमित्र मजूमदार को जनरल मैनेजर (GM) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वर्तमान में मजूमदार साउथ ईस्टर्न रेलवे में अतिरिक्त महाप्रबंधक (AGM) के पद पर कार्यरत हैं और वे भारतीय रेलवे ट्रैफिक सेवा (IRTS) के वरिष्ठ अधिकारी हैं।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह जिम्मेदारी तब तक प्रभावी रहेगी, जब तक नियमित नियुक्ति नहीं हो जाती या अगला आदेश जारी नहीं होता। साउथ ईस्टर्न रेलवे, जिसका मुख्यालय कोलकाता में है, भारतीय रेलवे का एक महत्वपूर्ण जोन है, जहां जीएम का पद संचालन, विकास परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और राजस्व प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालता है।
इस फैसले को प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अनिल कुमार मिश्रा के कार्यकाल को विकास कार्यों और संचालन में सुधार के लिए याद किया जा रहा है। अब सौमित्र मजूमदार के सामने इन उपलब्धियों को आगे बढ़ाने और चल रही परियोजनाओं को गति देने की जिम्मेदारी होगी।


