चापड़ कांड में बड़ा खुलासा, चार और आरोपी गिरफ्तार, खून लगा हथियार बरामद


जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के हुडको स्थित थीम पार्क के पास हुए चापड़ कांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। छापेमारी कर चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोलमुरी निवासी मो. अयान (19), मो. फरदीन खान (20), मो. शैद उर्फ साहिद (21) और मो. फैज राजा उर्फ फैजु (21) के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया खून लगा चापड़, खून सनी शर्ट, दो मोबाइल फोन और दो स्कूटी बरामद की है। इस मामले की जानकारी थाना प्रभारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दी। हमले में घायल आदर्श कुमार सिंह का इलाज फिलहाल टीएमएच अस्पताल में जारी है।
इस कार्रवाई के लिए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। घटना के दिन ही दो मुख्य आरोपी अब्दुल मारुफ (20) और अब्दुल रहमान (23) को गिरफ्तार किया गया था। उन्हीं के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर इन चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी।


