तेल कीमतों पर संकट के बीच सरकार की बड़ी राहत, कंपनियों से अपील- अभी न बढ़ाएं दाम


नई दिल्ली : ईरान-इजरायल युद्ध के चलते वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है, जिससे भारत में पेट्रोल और डीजल महंगे होने की आशंका बढ़ गई है। इस स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती की है, ताकि आम लोगों पर बढ़ती कीमतों का सीधा असर न पड़े और महंगाई को नियंत्रित रखा जा सके।

सरकार ने तेल कंपनियों से भी फिलहाल कीमतें न बढ़ाने की अपील की है। मौजूदा हालात में कंपनियां बढ़ी हुई लागत का बोझ खुद वहन कर रही हैं, ताकि पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर बने रहें। अधिकारियों के अनुसार, अगर यह कदम नहीं उठाया जाता तो पेट्रोल और डीजल की कीमतों में काफी बढ़ोतरी करनी पड़ती।
विशेषज्ञों का कहना है कि युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय तेल सप्लाई पर असर पड़ा है, जिससे कीमतों में तेजी बनी हुई है। ऐसे में सरकार की यह पहल आम उपभोक्ताओं को राहत देने के साथ-साथ तेल कंपनियों पर पड़ रहे दबाव को भी कम करने की कोशिश मानी जा रही है।


