डोनाल्ड ट्रंप के निशाने पर अब यह देश,


America: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक नए आदेश पर हस्ताक्षर किया, जिसमें क्यूबा को तेल सप्लाई करने वाले देशों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसके तहत, जो देश प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से क्यूबा को तेल बेचते हैं, उनके उत्पादों पर अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा सकता है। यह कदम इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट के अंतर्गत उठाया गया है। आदेश में क्यूबा की कम्युनिस्ट सरकार को अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए असाधारण खतरा करार दिया गया है। इसमें आरोप लगाया गया कि हवाना रूस, चीन, ईरान जैसे शत्रुतापूर्ण देशों के साथ मिलकर काम कर रहा है। वे हमास, हिजबुल्लाह जैसे आतंकवादी समूहों को समर्थन दे रहे हैं।डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘क्यूबा को अब कोई तेल या पैसा नहीं जाएगा – जीरो!’ उन्होंने क्यूबा को सौदा करने की सलाह दी और कहा कि ये राष्ट्र असफलता के कगार पर है। ताजा कदम हवाना पर आर्थिक दबाव बढ़ाने की दिशा में बड़ा है। इस आदेश के प्रभाव में मेक्सिको ने क्यूबा को तेल की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दी है। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाउम ने इसकी जानकारी दी।इससे पहले, वेनेजुएला से तेल की आपूर्ति जनवरी 2025 में पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की US में गिरफ्तारी के बाद पूरी तरह बंद हो गई थी। मेक्सिको पिछले महीनों में क्यूबा के कुल तेल आयात का 44 प्रतिशत हिस्सा प्रदान कर रहा था, जबकि वेनेजुएला 33 प्रतिशत और रूस 10 प्रतिशत का योगदान दे रहा था। पेमेक्स ने 2025 के पहले नौ महीनों में प्रतिदिन औसतन 20,000 बैरल तेल क्यूबा भेजा था। अब प्रमुख स्रोतों के बंद होने से क्यूबा में ईंधन संकट गहरा गया है।




