जस्टिस यशवंत वर्मा को बड़ा झटका, सुप्रीम कोर्ट ने स्पीकर की कमेटी के खिलाफ याचिका खारिज की


नई दिल्ली: कैश कांड मामले में जस्टिस यशवंत वर्मा को बड़ा झटका लगा है. सुप्रीम कोर्ट ने लोकसभा स्पीकर द्वारा गठित कमेटी के खिलाफ याचिका खारिज कर दी है. इस फैसले के बाद अब जस्टिस वर्मा को हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी. जस्टिस वर्मा ने लोकसभा स्पीकर द्वारा गठित तीन सदस्यीय कमेटी की वैधता की चुनौती दी थी. पिछली सुनवाई में शीर्ष अदालत ने जस्टिस वर्मा को 12 जनवरी को लोकसभा स्पीकर द्वारा गठित कमेटी के सामने पेश होने को कहा था. सुप्रीम कोर्ट ने पिछली सुनवाई में समिति के गठन में प्रक्रिया की खामी मानी थी लेकिन शीर्ष अदालत ने ये भी कहा था कि क्या ये खामी इतनी गंभीर है, जिसके कारण उसे दखल देना चाहिए. 14 मार्च 2025 को दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति वर्मा के सरकारी आवास में आग लगने की घटना सामने आई। आग बुझाने के बाद जब दमकलकर्मियों ने स्थिति का जायजा लिया तो स्टोर रूम से बड़ी मात्रा में आंशिक रूप से जले हुए नोट बरामद किए गए। इस घटना के तुरंत बाद मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की गई। तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना की अध्यक्षता में हाईकोर्ट के तीन न्यायाधीशों की समिति बनाई गई, जिसने 42 दिनों तक विस्तृत जांच और निरीक्षण के बाद अपनी रिपोर्ट 4 मई 2025 को भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को सौंप दी। इसके बाद जांच समिति की रिपोर्ट के साथ जस्टिस वर्मा का जवाब भी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भेजा गया। जांच समिति ने जस्टिस वर्मा के खिलाफ महाभियोग चलाने की सिफारिश की है। अब लोकसभा में महाभियोग की कार्रवाई शुरू हो गई है।




