224 राजस्व कर्मचारियों का निलंबन वापस, हड़ताल पर बड़ा सरकार का फैसला


पटना : बिहार सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए 224 राजस्व कर्मचारियों का निलंबन वापस ले लिया है। ये कर्मचारी हड़ताल और सामूहिक अवकाश पर चले गए थे, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया था। अब सरकार ने स्थिति को सामान्य करने और कामकाज को पटरी पर लाने के उद्देश्य से उनका निलंबन समाप्त कर दिया है।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि 11 फरवरी से 19 अप्रैल के बीच निलंबित किए गए कर्मचारियों को तत्काल बहाल किया जाए। इसके साथ ही हड़ताल की अवधि को लेकर भी निर्णय लेते हुए इसे नियमित सेवा के रूप में मानने की प्रक्रिया अपनाई गई है, ताकि विभागीय कामकाज तेजी से आगे बढ़ सके।सरकार के इस कदम से राजस्व विभाग में रुके हुए कामों के फिर से शुरू होने की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित मामलों का निपटारा अब तेजी से किया जाएगा और प्रशासनिक व्यवस्था को सामान्य करने पर फोकस रहेगा।


