ब्याज बाबू के घर छापा पड़ा तो हैरान रह गई पुलिस


कैमूर: बिहार के कैमूर जिले में एक ‘ब्याज बाबू’ यानी सूदखोर, जिसे अंग्रेजी में लोन शार्क भी कहते हैं, ने लोगों को कर्ज देकर अपना आलीशान साम्राज्य ही खड़ा कर लिया था। लेकिन कहते हैं कि पाप का घड़ा कभी न कभी फूट ही जाता है। ऐसा ही इस सूदखोर के साथ भी हुआ। एक लड़की की शादी के लिए भाई ने कर्ज लिया था और उसी के चलते पुलिस इस सूदखोर तक जा पहुंची। लेकिन इसके पास जो मिला वो हैरान करने वाला था।कैमूर पुलिस ने जब सूदखोर के घर पर छापा मारा तो वहां से जो सामान मिला उसे देख पुलिस भी चौंक गई। पहले आप उन बरामद सामान की लिस्ट देखिए-कर्ज लेने वाले 245 लोगों के ब्लैंक चेक,जमीन की रजिस्ट्री, खरीद के 39 कागज (जो कर्ज लेने वालों ने गिरवी रखे थे),1,70,000 रुपये कैश,1किलो 754 ग्राम चांदी.कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि कुदरा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बहन की शादी के लिए लक्ष्मण साह से डेढ़ लाख रुपये लिए थे। पैसे देने से पहले सूदखोर लक्ष्मण ने एक ब्लैंक चेक पर साइन करा अपने पास रख लिया था। इसके बाद लड़की के भाई ने उसके सारे पैसे चुका दिए। लेकिन सूदखोर ने कहा कि अभी भी ब्याज का 5 लाख रुपया और बाकी है। इसके बाद वो शख्स पुलिस के पास पहुंचा और सूदखोर की करतूत बता दी।पुलिस की जांच में ये साबित हो गया कि लक्ष्मण साह लोगों से शादी विवाह या अन्य मजबूरी का फायदा उठाकर ब्याज पर पैसा देता था। वो मूलधन से कहीं ज्यादा ब्याज वसूल करता था। ऐसे में मूलधन तो छोड़िए, इसका ब्याज ही खत्म होने का नाम नहीं लेता था। और तो और, इसके पास से 65 स्टांप पेपर भी बरामद किए गए हैं, जिससे ये साफ हो गया कि वो कर्जदारों की जमीन और संपत्ति हड़पने की नीयत के साथ तैयार बैठा था।फिलहाल पुलिस इसकी डायरी की जांच करने में लगी है कि इसने और कितने लोगों को पैसा दिया है। इसको लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। कैमूर एसपी ने जिले के लोगों से अपील की है कि ‘अगर आप भी इस सूदखोर का शिकार हैं तो डरे नहीं, इसकी शिकायत मुझे या अपने नजदीकी थाना को करें।




