1042 नए शिक्षकों को मिलेगा नियुक्ति पत्र, 29 जून को सीएम हेमंत सोरेन देंगे बड़ी सौगात

रांची : झारखंड के सरकारी प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 जून को राजधानी के खेलगांव में आयोजित समारोह में 1,042 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। जिला स्थापना समितियों की अनुशंसा के बाद नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया है।


इस चरण में कक्षा 1 से 5 के लिए 274 और कक्षा 6 से 8 के लिए 768 सहायक आचार्यों को नियुक्ति मिलेगी। विषयवार नियुक्तियों में भाषा के 150, गणित एवं विज्ञान के 231 तथा सामाजिक विज्ञान के 387 शिक्षक शामिल हैं। जिलावार देखें तो सबसे अधिक 123 नियुक्तियां पलामू में और सबसे कम चार रामगढ़ में होंगी। राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में करीब 26 हजार शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की थी और अब तक लगभग 12,500 अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जा चुकी है.


