गंगा कटाव की जद में 100 मीटर रेल ट्रैक, इस रूट पर परिचालन रोका गया

साहिबगंज : गंगा के बढ़े जलस्तर और कटाव का असर अब रेलवे परिचालन पर भी पड़ने लगा है। साहिबगंज-महाराजपुर रेलखंड में महाराजपुर झुंझरी पुल के पास करीब 100 मीटर रेल ट्रैक गंगा के कटाव की जद में आ गया है, जिसके बाद इस रूट पर रेल परिचालन रोक दिया गया है। बताया जा रहा है कि रेल ट्रैक से गंगा के कटाव की दूरी करीब 20 मीटर ही रह गई है। साहिबगंज एईएन वेद व्यास शरण ने बताया कि करीब सौ मीटर ट्रैक कटाव की जद में है और इसे बचाने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। मालदा डीआरएम के भी रात तक मौके पर पहुंचने की बात कही गई है।


नदी में कटाव के कारण ट्रेनों के परिचालन में कई बदलाव किए गए हैं। इस खंड की डाउन लाइन पर यात्री एवं मालगाड़ी नहीं चलाई जा रही हैं। कुछ ट्रेनों को मंगलवार को रद्द कर दिया गया, जबकि कई ट्रेनों को भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट, जमालपुर-मुंगेर-कटिहार और किऊल-झाझा होकर चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा एक पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेन को साहिबगंज से होकर शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है।
आज 63401 साहिबगंज–मालदा टाउन मेमू, 63421 आजीमगंज–साहिबगंज मेमू, 63411 साहिबगंज–भागलपुर मेमू, 63063 बर्द्धमान–साहिबगंज मेमू, 53411 बरहरवा–साहिबगंज पैसेंजर, 13427 हावड़ा–साहिबगंज एक्सप्रेस, 63405 रामपुरहाट–साहिबगंज मेमू, 63402 मालदा टाउन–साहिबगंज मेमू, 63422 साहिबगंज–आजीमगंज मेमू, 63412 भागलपुर–साहिबगंज मेमू, 63064 साहिबगंज–बर्द्धमान मेमू और 53412 साहिबगंज–बरहरवा पैसेंजर रद्द रहेंगी।


