डिमना लेक में नहाने उतरा युवक, गहरे पानी में डूबने से मौत से मचा कोहराम

जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक में नहाने के दौरान सोनारी कागलनगर निवासी आयुष कुमार (22) की डूबने से मौत हो गई। वहीं, उसका छोटा भाई पियूष इस हादसे में बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया।


जानकारी के अनुसार, आयुष अपने छोटे भाई के साथ डिमना लेक घूमने गया था। इसी दौरान दोनों भाई नहाने के लिए पानी में उतरे, जहां आयुष अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी स्थिति गंभीर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी घटनास्थल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि आयुष एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


