मंईयां सम्मान योजना की राशि नहीं मिलने पर 82 महिलाओं का प्रदर्शन, बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

धालभूमगढ़ : मंईयां सम्मान योजना की राशि नहीं मिलने से नाराज रावताड़ा पंचायत के महिषाधरा गांव की 82 लाभुक महिलाओं ने सोमवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। महिलाओं को करीब तीन महीने से योजना की राशि नहीं मिली है। मुखिया अर्जुन मांडी के नेतृत्व में महिलाओं ने बीडीओ के नाम ज्ञापन सौंपकर बकाया राशि का जल्द भुगतान करने की मांग की।


मुखिया अर्जुन मांडी ने बताया कि गांव की 82 लाभुक महिलाओं का कई महीनों का भुगतान लंबित था। पिछले महीने भी महिलाओं ने प्रदर्शन कर प्रखंड कार्यालय में ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद केवल एक किस्त की राशि मिली, जबकि बाकी बकाया भुगतान अब तक नहीं हुआ है। लंबे समय से राशि नहीं मिलने के कारण महिलाओं को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सभी लाभुकों के खाते में राशि नहीं पहुंचने से उनमें नाराजगी है।
प्रदर्शन के बाद महिलाओं ने बीडीओ के नाम तैयार ज्ञापन प्रखंड कार्यालय के प्रधान सहायक विक्रम बोदरा को सौंपा। ज्ञापन की एक प्रति उपायुक्त को भी भेजी गई है। इस दौरान अंजलि मुर्मू, कापरा मांडी, कल्पना मांडी समेत गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं। महिलाओं ने प्रशासन से लंबित राशि का भुगतान जल्द सुनिश्चित करने की मांग की है।


