JSSC सहायक कारापाल परीक्षा की तारीख बदली, अब 18 से 21 नवंबर तक होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा

रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने झारखंड सहायक कारापाल प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के तहत होने वाली शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा की तिथियों में बदलाव किया है। पहले यह परीक्षा 28 अक्टूबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होनी थी, लेकिन चक्रवात के कारण संभावित खराब मौसम को देखते हुए इसे स्थगित कर दिया गया है। आयोग के अनुसार, अब संशोधित कार्यक्रम के तहत परीक्षा 18 से 21 नवंबर 2026 तक आयोजित होगी।


रांची के जैप-1 ग्राउंड, डोरंडा में 28, 29, 30 और 31 अक्टूबर 2026 को होने वाली परीक्षा अब क्रमशः 18, 19, 20 और 21 नवंबर 2026 को होगी। आयोग ने बताया कि चक्रवात अर्नब के कारण रांची में भारी बारिश की आशंका और पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड, रांची के कार्यालय से मिले पत्र के मद्देनजर चयन पर्षद-01 की परीक्षा का कार्यक्रम बदला गया है। शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा का बाकी कार्यक्रम पूर्ववत रहेगा।
इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 84 पदों के लिए 56,304 अभ्यर्थी शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इनमें रांची के जैप-1 ग्राउंड, डोरंडा में 25,215, हजारीबाग के कर्जन ग्राउंड में 19,926 और गोड्डा के राजेंद्र स्टेडियम, महागामा में 11,163 अभ्यर्थी शामिल हैं। प्रत्येक पद के लिए औसतन लगभग 670 अभ्यर्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा है। शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही चयन प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होंगे।


