जमीन-मकान सौदे में 1.69 करोड़ की ठगी का आरोप, जमशेदपुर से आरोपी गिरफ्तार



जमशेदपुर : गिरिडीह के पचंबा थाना पुलिस ने जमीन और मकान बेचने के नाम पर 1,69,67,001 रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में जमशेदपुर निवासी अनूप कुमार राय को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार देर शाम जमुआ थाना क्षेत्र के टीकामघा में घेराबंदी कर आरोपी को उसकी कार समेत पकड़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ झारखंड समेत कई राज्यों में ठगी के 40 से अधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, यह मामला पचंबा थाना क्षेत्र के कृष्णानगर निवासी राजीव रंजन की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अपने तीन सहयोगियों के साथ मकतपुर बरगंडा स्थित श्यामकुंज के पास जमीन और मकान का सौदा अनूप कुमार राय से 2.25 करोड़ रुपये में तय किया था। 19 जून 2022 को बिक्री का एग्रीमेंट हुआ था, जिसके समय 51 लाख रुपये अग्रिम दिए गए थे। बाद में अलग-अलग किस्तों में कुल 1,69,67,001 रुपये का भुगतान किया गया।
शिकायत के अनुसार, अनूप कुमार राय ने संपत्ति पर अपने अधिकार के लिए 10 दिसंबर 1976 की पंजीकृत वसीयत पेश की थी। दस्तावेजों की जांच में शिकायतकर्ताओं को पता चला कि आरोपी की जन्मतिथि 22 जुलाई 1978 है। आरोप है कि जन्म से पहले की वसीयत के आधार पर करोड़ों रुपये की ठगी की गई। जांच में यह भी सामने आया कि उक्त जमीन और मकान का एग्रीमेंट पहले ही रामदेव सिंह के साथ किया जा चुका था। मामले से जुड़ा विवाद गिरिडीह नगर थाना और एसडीएम कोर्ट में लंबित है। पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


