शीतला मंदिर के पास युवक की निर्मम हत्या, धारदार हथियार से वार कर अपराधी फरार

गम्हरिया : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलायडीह शीतला मंदिर के पास शनिवार दोपहर एक युवक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गोप पाड़ा निवासी जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा (27) के रूप में हुई है। घटना करीब दोपहर एक बजे की बताई जा रही है, जहां चार-पांच लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर और गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक के भाई सोनू गोप ने आरोप लगाया है कि शिवम प्रामाणिक, शिबू और गणेश समेत अन्य लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि सुबह गणेश और जगन्नाथ के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद प्रेम नायक उसे घर से बुलाकर ले गया था।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मृतक के परिवार में उसका आठ साल का बेटा रीतेश गोप और दो साल की बेटी रेशमी गोप है। उसकी पत्नी पार्वती गोप की करीब डेढ़ साल पहले मौत हो चुकी है।


