कार सीख रही महिला का पीछा करने का आरोप, डर से डिवाइडर से टकराई गाड़ी



जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के पारडीह काली मंदिर के पास सड़क सुरक्षा और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा मामला सामने आया है। ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी एक महिला ने आरोप लगाया है कि बाइक सवार कुछ युवकों ने कार चलाने के अभ्यास के दौरान उनका पीछा किया, जिससे वह घबरा गईं और कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।


जानकारी के अनुसार, महिला कार ट्रेनर के साथ ड्राइविंग सीख रही थीं। कार ट्रेनर के मुताबिक, दोनों वेव इंटरनेशनल की ओर से पारडीह की तरफ जा रहे थे, तभी दो बाइक पर सवार चार युवकों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि युवक बार-बार कार के पास आ रहे थे, वाहन रोकने की कोशिश कर रहे थे और खिड़की पर दस्तक भी दी। इससे महिला डर गईं और गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाईं।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद चारों युवक वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। मानगो थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बाइक सवार युवकों के कार का पीछा करने की वास्तविक वजह क्या थी।


