चावल गोदाम का शटर तोड़ घुसा जंगली हाथी, करीब डेढ़ क्विंटल चावल को पहुंचाया नुकसान


गुड़ाबांदा : पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित एसएफसी चावल गोदाम में सोमवार तड़के करीब 3 बजे एक जंगली हाथी घुस गया। हाथी ने गोदाम का शटर तोड़ दिया और अंदर रखे चावल तक पहुंच गया। इस दौरान उसने चावल खाये और कुछ चावल बर्बाद भी कर दिये। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गयी।


बताया गया कि हाथी ने करीब तीन बोरा यानी लगभग डेढ़ क्विंटल चावल को नुकसान पहुंचाया। गोदाम में हाथी के घुसने की जानकारी मिलते ही प्रखंड कार्यालय के कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गयी। मौके पर प्रखंड कर्मियों की भीड़ जुट गयी और कर्मचारियों ने शोर मचाकर हाथी को गोदाम से बाहर निकालने का प्रयास किया।
काफी देर की कोशिश के बाद प्रखंड कर्मी हाथी को वहां से भगाने में सफल रहे। इसके बाद हाथी वहां से निकल गया। घटना के बाद गोदाम के शटर को हुए नुकसान और चावल की बर्बादी की जानकारी सामने आयी।


