सीनी-राजखरसावां रेलखंड पर विकास कार्य से 16 जनवरी तक कई ट्रेनें रद्द, दो के मार्ग बदलेंगे

जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के सीनी-राजखरसावां-सीनी रेलखंड में विकास कार्यों के कारण 21 नवंबर 2026 से 16 जनवरी 2027 तक रेल यातायात प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन ने अलग-अलग तारीखों में कई मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा और दो एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है।


रद्द होने वाली ट्रेनों में चाकुलिया-टाटानगर-बड़बिल मेमू (68127-68125), बड़बिल-टाटानगर-चाकुलिया मेमू (68126-68128), टाटानगर-गुवा-आदित्यपुर मेमू (68003-68004), राउरकेला-टाटानगर-राउरकेला मेमू (68044-68043), आदित्यपुर-गुवा मेमू (68019-68020) और टाटानगर-चाईबासा-टाटानगर मेमू (68137-68138) शामिल हैं। हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस (12021-12022) और टाटानगर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस (18109-18110) का परिचालन भी निर्धारित तारीखों पर रद्द रहेगा। लंबी दूरी की नांदेड़-संतरागाछी, संतरागाछी-नांदेड़, संतरागाछी-पुणे, पुणे-संतरागाछी और हावड़ा-कांटाबांजी-टिटलागढ़ एक्सप्रेस भी अलग-अलग तारीखों में नहीं चलेंगी।
हावड़ा-चक्रधरपुर एक्सप्रेस (18011) 23 नवंबर से 14 जनवरी तक और चक्रधरपुर-हावड़ा एक्सप्रेस (18012) 24 नवंबर से 15 जनवरी तक आद्रा स्टेशन तक ही जाएगी और वहीं से खुलेगी। वहीं, योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस (18478) 23 नवंबर से 11 जनवरी तक प्रत्येक सोमवार को इब-झारसुगुड़ा-संबलपुर सिटी-कटक होकर चलेगी। आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस (13288) 26 नवंबर से 14 जनवरी तक प्रत्येक गुरुवार टाटानगर और गम्हरिया के बजाय कांड्रा-सीनी मार्ग से डायवर्ट होकर चलेगी।


