आदित्यपुर: भीषण गर्मी के बीच आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 15 और 16 में गहराए जल संकट को लेकर डिप्टी मेयर अंकुर सिंह का सख्त रुख सामने आया है। पानी की समस्या से परेशान दिंदली बस्ती, दास पाड़ा, महतो पाड़ा समेत आसपास के इलाकों के लोग जब अपनी शिकायत लेकर डिप्टी मेयर के पास पहुंचे, तो उन्होंने तत्काल जिंदल एजेंसी के कर्मियों को तलब कर लिया।
Advertisements
Advertisements
Advertisements
बैठक के दौरान एजेंसी कर्मियों द्वारा समस्या के समाधान की बजाय अपनी परेशानियां बताने पर डिप्टी मेयर भड़क उठे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “जनता को पानी नहीं मिल रहा है और आप लोग बहाना बता रहे हैं। समस्या नहीं, समाधान पर बात कीजिए। पीयूष सिन्हा को जाकर बोल दीजिए कि दो दिनों के भीतर पानी की आपूर्ति बहाल होनी चाहिए, नहीं तो फिर खैर नहीं।”
डिप्टी मेयर के इस सख्त तेवर के बाद अधिकारियों और एजेंसी कर्मियों में हड़कंप मच गया। वहीं बस्तीवासियों ने डिप्टी मेयर की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार जनता की आवाज़ उठाते रहे हैं। लोगों का कहना है कि डिप्टी मेयर के हस्तक्षेप के बाद ही प्रशासन हरकत में आता है।
बता दें कि वार्ड संख्या 15 और 16 के करीब पांच सौ घरों में कई दिनों से नियमित पानी नहीं मिल पा रहा है। जल संकट के कारण लोगों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने जिंदल एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जब से एजेंसी को जलापूर्ति की जिम्मेदारी मिली है, तब से हालात बदतर हो गए हैं।
इस दौरान शिला पाल, छविरानी महतो, जयंती महतो, सरस्वती महतो , कविता महतो, संध्या महतो, मीनाक्षी महतो, बूबू दत्त, आशीष मल्लिक और राहुल महतो समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इधर डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा कि नगर निगम जनता की मूलभूत सुविधाओं को लेकर पूरी तरह गंभीर है और पेयजल संकट का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए जल्द ठोस निर्णय लिया जाएगा।