9 सितंबर को 8 घंटे ठप रहेगी जलापूर्ति, रांची के इन इलाकों में पानी की किल्लत का अलर्ट

रांची : राजधानी के बड़े हिस्से में 9 सितंबर को सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक जलापूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। पेयजल एवं स्वच्छता स्वर्णरेखा शीर्ष कार्य प्रमंडल की ओर से रूक्का जलशोध संस्थान के पास राइजिंग पाइपलाइन की जरूरी मरम्मत की जाएगी। इसके कारण शहर के आधे से अधिक क्षेत्रों में लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है।

इस दौरान हिंदपीढ़ी, मेन रोड, ओसीसी, बरियातू हाउसिंग कॉलोनी, बरियातू रोड, रिम्स, बुटी, बीआईटी मेसरा, विकास, ईरबा, कोकर, लालपुर, चुटिया, रांची रेलवे स्टेशन, नामकुम, रातू रोड एमईएस और दीपाटोली सहित आसपास के जुड़े इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित शटडाउन से पहले जरूरत के मुताबिक पानी जमा कर लें। विभाग के मुताबिक पाइपलाइन का रखरखाव और तकनीकी सुधार भविष्य में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर और सुचारू बनाए रखने के लिए जरूरी है। अस्थायी असुविधा के लिए विभाग ने नागरिकों से खेद जताया है।


