लगातार सड़क हादसों के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, पुलिस को सौंपा चार सूत्री मांग पत्र

मुसाबनी : मुसाबनी प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर रविवार को मजदूर यूनियन नेता शमशेर खान के नेतृत्व में ग्रामीण सुरदा राजीव चौक के समीप मुख्य सड़क पर एकत्र हुए। लोगों ने नारेबाजी कर विरोध-प्रदर्शन किया और इसके बाद मुसाबनी थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को चार सूत्री मांग पत्र सौंपा।

मांग पत्र में नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, शराब और ड्रग आदि का सेवन कर वाहन चलाने वालों पर रोक लगाने, 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को दोपहिया वाहन चलाने से रोकने तथा स्कूल में चलने वाले वाहनों के चालक और वाहनों की फिटनेस की जांच कराने की मांग की गयी। शमशेर खान ने कहा कि केवल सड़क पर बैरियर लगाकर पुलिस प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकता। उन्होंने नियमित वाहन जांच के साथ सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने की भी जरूरत बतायी।
थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस गश्ती बढ़ाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवस्था की जा रही है और सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जायेगा। उच्च अधिकारियों से संपर्क कर ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था करने और वाहन चेकिंग के दौरान ऑन स्पॉट फाइन काटने की बात भी कही गयी। मौके पर सपन सिंह, गुरूदास मुर्मू, कमल कांत भट्टचार्ज, विकास शाह, मोहम्मद मुन्ना, अर्जुन लोहार, चंपई हेंब्रम, नलिन पातर और वीर लामा समेत अन्य लोग मौजूद थे।


