प्रभात पार्क के पास अतिक्रमण को लेकर बवाल, पार्षद और दुकानदारों में जमकर झड़प



आदित्यपुर : आरआईटी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-17 स्थित प्रभात पार्क के पास अतिक्रमण को लेकर शुक्रवार को अचानक तनावपूर्ण स्थिति बन गई। अवैध फुटपाथी दुकानदारों के बीच विवाद बढ़ने के बाद नगर निगम की पार्षद नीतू शर्मा मौके पर पहुंचीं, जहां कुछ दुकानदारों से उनकी तीखी नोकझोंक हो गई। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम द्वारा पहले जारी नोटिस के बाद कुछ दुकानदारों ने अपना अतिक्रमण हटा लिया था, लेकिन पार्क के दूसरे हिस्से में अब भी कई फुटपाथी दुकानदारों का कब्जा बना हुआ है। इसी बीच पार्क के संवेदक द्वारा अतिक्रमण रोकने के लिए अस्थायी घेराबंदी की गई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
घटना के दौरान एक दुकानदार को दुकान लगाने से रोके जाने पर दो गुटों में बहस शुरू हो गई। सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने मामले में लिखित आवेदन देने का निर्देश दिया है, जबकि पार्षद ने पूरे क्षेत्र से समान रूप से अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई है।


