पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के खिलाफ भाजयुमो का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग

जमशेदपुर : पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर ने विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने, पत्रकार अभिषेक भारती को न्याय दिलाने तथा पत्रकारों की सुरक्षा और पत्रकारिता की स्वतंत्रता बनाए रखने की मांग की।


भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतिश कुशवाहा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा, भाजयुमो प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल, जिला प्रभारी शैलेश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष सुमित श्रीवास्तव, जिला मंत्री प्रकाश दुबे और प्रदेश कार्यालय मंत्री प्रदीप मुखर्जी समेत कई नेता शामिल हुए। वक्ताओं ने अभिषेक भारती के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और उनकी गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता जताई। संजीव सिन्हा ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए कहा कि झारखंड में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति पैदा हो गई है। उनका आरोप था कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ यानी पत्रकारिता की आवाज को दबाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि सच्चाई सामने लाने वाले पत्रकार ही सुरक्षित नहीं हैं, तो लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की स्थिति पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
भाजयुमो नेताओं ने प्रशासन से मामले में उचित कानूनी पहल कर अभिषेक भारती को न्याय दिलाने और पत्रकारों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की। कार्यक्रम में राजीव सिंह, शशांक शेखर, चिंटू सिंह, चंदन चौबे, शांतम सिंह, हरिकिशोर तिवारी, धर्मेंद्र प्रसाद, सतबीर सिंह, अभिषेक श्रीवास्तव, राकेश कुमार, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलू मछुआ, भाजपा कदमा मंडल अध्यक्ष उपेंद्र गिरि, सोनारी मंडल अध्यक्ष प्रशांत पोद्दार, उलीडीह मंडल महामंत्री अनिमेष सिन्हा, राहुल कुमार, सुशील पांडे, गौरव साहू और सुधीर तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


