पार्क में फंदे से लटका मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस

जसीडीह : जसीडीह रेलवे स्टेशन की टीआरडी कॉलोनी स्थित चिल्ड्रन पार्क में मंगलवार सुबह लोहे के एंगल से शर्ट के फंदे के सहारे एक अज्ञात युवक का शव मिला। सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची, जांच के बाद शव को नीचे उतारा गया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, देवघर भेज दिया गया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।


पुलिस ने युवक के सामान की तलाशी ली, जिसमें एक रेल टिकट और पर्स मिला, लेकिन पहचान से जुड़ा कोई स्पष्ट दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। घटनास्थल पर सैकड़ों लोग जुटे, फिर भी किसी ने युवक की पहचान नहीं की। पुलिस के अनुसार युवक ने जींस पहन रखी थी। प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


