जितिया स्नान के दौरान दो सगी बहनें नदी में डूबीं, एक को बचाया, दूसरी लापता

जमशेदपुर : जितिया पर्व पर शनिवार शाम मां के साथ सुवर्णरेखा नदी के गांधी घाट के पास स्नान करने गयीं दो सगी बहनें गहरे पानी में चली गयीं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से एक बच्ची पूनम को नदी से बाहर निकाल लिया गया। उसे एमजीएम में भर्ती कराया गया है। वहीं, दूसरी बच्ची आयुषी उर्फ ज्योती नदी के तेज बहाव में लापता हो गयी। दोनों समता नगर निवासी संतोष ठाकुर की बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें शनिवार शाम अपनी मां के साथ जितिया पर्व पर स्नान करने गांधी घाट के नीचे सुवर्णरेखा नदी में उतरी थीं। नहाने के दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चली गयीं और डूबने लगीं। बेटियों को डूबता देख मां ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग बचाव के लिए नदी की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों की तत्परता से पूनम को नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन आयुषी उर्फ ज्योती तेज बहाव के बीच लापता हो गयी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता बच्ची की तलाश शुरू की गयी। शाम होने के कारण बढ़ते अंधेरे और नदी के तेज बहाव से खोजबीन में परेशानी आ रही है। इसके बावजूद पुलिस, गोताखोर और स्थानीय लोग बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं।


