गुलमोहर हाई स्कूल में वाक्-कला प्रतियोगिता, छह विद्यार्थी बने सर्वश्रेष्ठ वक्ता

जमशेदपुर : गुलमोहर हाई स्कूल में शनिवार को हिंदी और अंग्रेजी भाषा की वाक्-कला (Elocution) प्रतियोगिता आयोजित की गयी। इसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर वक्तृत्व क्षमता, प्रभावशाली अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। हिंदी प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 वर्ग में जानवी कुमारी, कक्षा 9 से 10 में दिशा डे और कक्षा 11 से 12 में रजनी कुमारी सिंह को सर्वश्रेष्ठ वक्ता चुना गया। निर्णायक शिक्षा निकेतन हाई स्कूल के हिंदी विभाग के वरिष्ठ विभागाध्यक्ष रामाकांत पाठक और ए.डी.एल. सनशाइन स्कूल की वरिष्ठ शिक्षिका शिप्रा सिंह थीं। प्रतियोगिता का संचालन हिंदी विभागाध्यक्ष संजू वर्मा के नेतृत्व में हुआ, जिसमें माला सिंह, शशि भूषण पाठक, बबीता कुमारी, रिंकू कुमारी एवं आशा पांडेय ने सहयोग किया।

अंग्रेजी वाक्-कला प्रतियोगिता में EduVibes की संस्थापक एवं सीईओ स्वाति कंबोज और विधि एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी आस्था करण ने निर्णायक की भूमिका निभायी। कक्षा 6 से 8 वर्ग में आशी कुमारी, कक्षा 9 से 10 में प्रियांशी भट्टाचार्य और कक्षा 11 से 12 में पृथ्वीराज चौहान को सर्वश्रेष्ठ वक्ता का सम्मान मिला। प्रतियोगिता की प्रोसेस ओनर बैशाली दास गुप्ता रहीं।विद्यालय की प्राचार्या प्रीति सिन्हा और उप-प्राचार्या अर्चना श्रीवास्तव ने विजेताओं और सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, भाषा-कौशल, तार्किक अभिव्यक्ति और प्रभावी संवाद क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में हुई प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी बात स्पष्ट, प्रभावी और आत्मविश्वास के साथ रखने का मंच दिया।


