जादूगोड़ा : पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। जादूगोड़ा स्थित सीआरपीएफ कैंप के दो जवानों में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन सतर्क हो गया है। तेज बुखार और तबीयत बिगड़ने पर दोनों जवानों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई। जवान पिंटू कुमार का इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें आईसीयू में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। वहीं दूसरे जवान ओम प्रकाश पासवान का उपचार मेडिकल वार्ड में जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है।
Advertisements
Advertisements
Advertisements
कूदलूंग गांव के 20 वर्षीय वीरेन सबर में भी ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई है और उनका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। जिला स्वास्थ्य विभाग की मंगलवार की रिपोर्ट के अनुसार जिले में 8,591 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें 36 नए संक्रमित मिले। इनमें सबसे अधिक 11 मरीज पोटका प्रखंड से हैं। प्रभावित इलाकों में विशेष सर्वे, दवा वितरण, मच्छर नियंत्रण और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने लोगों से बुखार, कंपकंपी या कमजोरी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की है, ताकि समय रहते इलाज शुरू किया जा सके।