प्रेस क्लब में शान से लहराया तिरंगा, पत्रकारों से सकारात्मक सोच और अधिकारों के लिए सजग रहने का आह्वान






जमशेदपुर : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के साकची स्थित कार्यालय परिसर में समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि दैनिक हिंदुस्तान के स्थानीय संपादक गणेश मेहता ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने पत्रकारों से राष्ट्र की स्वतंत्रता को संजोए रखने के साथ अपनी जिम्मेदारियों का सकारात्मक सोच के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। ध्वजारोहण के बाद क्लब के सदस्यों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया।


दैनिक जागरण के स्थानीय संपादक प्रदीप सिंह ने पत्रकारों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और शहर में व्यवस्थित प्रेस क्लब परिसर की स्थापना के लिए पहल करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन क्लब के मुख्य संरक्षक बृजभूषण सिंह ने किया, जबकि चमकता आईना के संपादक जयप्रकाश राय ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। दैनिक जागरण के यूनिट हेड दिलावर साहू भी अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सभी अतिथियों का अंगवस्त्र देकर अभिनंदन किया गया।
समारोह में प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज सिंह, महासचिव विनय पूर्ति, कोषाध्यक्ष अजय महतो सहित शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और सामूहिक भोजन में हिस्सा लिया।


