नक्सल मुक्त जिले से महिला सम्मान तक, डीसी ने गिनाईं उपलब्धियां; हजारों लाभुकों को मिला योजनाओं का लाभ

सरायकेला : स्वतंत्रता दिवस पर जिला मुख्यालय स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पहले वंदे मातरम् का गायन किया गया और ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ। उपायुक्त और एसपी मनोज स्वर्गियारी ने परेड का निरीक्षण किया। अपने संबोधन में डीसी ने जिले में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि एसपी के कुशल नेतृत्व में सरायकेला-खरसावां जिला नक्सल मुक्त हो चुका है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 18 से 49 वर्ष की 1,55,081 महिलाओं को प्रति माह 2,500 रुपये की दर से अगस्त 2026 तक भुगतान किए जाने की जानकारी भी दी गई।


सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत 1,01,278 पेंशनधारियों को लाभ दिया जा रहा है, जबकि राष्ट्रीय वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन योजनाओं के 46,067 लाभुकों को अगस्त 2026 तक पेंशन भुगतान की जानकारी दी गई। पूरक पोषाहार योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों के 36,033 बच्चों को ताजा पोषाहार तथा टेक होम राशन के माध्यम से 33,001 बच्चों, 5,420 गर्भवती महिलाओं और 3,156 धात्री माताओं को लाभ पहुंचाया गया। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 3,470 लाभुकों को 1.20 करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में 101 लाभुकों को 30.31 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
आवास योजनाओं के तहत अबुआ आवास योजना में 10,057 लाभुकों को आवास उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में अब तक 57,479 और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना में 1,744 आवास पूर्ण किए जाने की जानकारी दी गई। PM-JANMAN के तहत आदिम जनजातियों के लिए 302 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 132 पूरे हो चुके हैं। 15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत 35,297 योजनाओं में से 6,453 योजनाएं पूरी होने की बात भी कही गई। समारोह में डीसी और एसपी के साथ उप विकास आयुक्त जयवर्धन कुमार, एसडीएम, जिला परिषद उपाध्यक्ष सोनाराम बोदरा, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


