स्वतंत्रता दिवस पर बदले ट्रैफिक नियम, सुबह 6 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री बंद






रांची : स्वतंत्रता दिवस के मुख्य राजकीय समारोह को लेकर मोरहाबादी मैदान और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक शहर में भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। दूसरे जिलों से आने वाले भारी वाहनों को शहर की सीमा से पहले ही निर्धारित स्थानों पर रोक दिया जाएगा। कांके और बोड़ेया की ओर से आने वाले भारी वाहन बोड़ेया तक, खूंटी और चाईबासा की ओर से आने वाले वाहन बिरसा चौक तक, गुमला और सिमडेगा की ओर से आने वाले वाहन अरगोड़ा और आईटीआई पड़ाव तक तथा जमशेदपुर की ओर से आने वाले वाहनों को दुर्गा सोरेन चौक, नामकुम और सदाबहार चौक के पास रोका जाएगा।


सुरक्षा के लिए शहर में ड्रॉप गेट नंबर 1, 3, 7, 9, 18, 20 और 23 पर विशेष निगरानी रहेगी। इन रास्तों से केवल मुख्यमंत्री, वीवीआईपी, अधिकृत मीडियाकर्मी और वैध पास वाले वाहनों को प्रवेश मिलेगा। समारोह में शामिल होने वाले मुख्यमंत्री, हाईकोर्ट के न्यायाधीश, सांसद और विधायकों के लिए अलग मार्ग तय किए गए हैं। केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों के लिए भी अलग रूट निर्धारित किया गया है।
प्रशासन ने अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए अलग पार्किंग जोन बनाए हैं। मुख्यमंत्री कारकेड और वीवीआईपी वाहनों के लिए मुख्य मंच के पीछे, सरकारी अधिकारियों के लिए ऑक्सीजन पार्क के पास, मीडियाकर्मियों के लिए बापू वाटिका के सामने और आम लोगों के लिए टीआरआई मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने तथा प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है।


