पीएम-किसान की 24वीं किस्त जारी, 9.34 करोड़ किसानों के खाते में पहुंचे 18,700 करोड़ रुपये

नामकुम (रांची) : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त के तहत शुक्रवार को देशभर के करीब 9.34 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18,700 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई. इस अवसर पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (भाकृअनुप) के राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान (निसा), नामकुम में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया. इसमें केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर शामिल हुए. कार्यक्रम में झारखंड के 415 किसानों ने भी हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री का संबोधन सुना.


कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने गुजरात में विभिन्न बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया. उन्होंने पिछले 12 वर्षों में कृषि एवं इससे जुड़े क्षेत्रों में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए बताया कि इस दौरान देश में दूध उत्पादन करीब 1.6 गुना बढ़ा है. पशुओं की नस्ल सुधार, वैज्ञानिक अनुसंधान और समय पर टीकाकरण से पशुपालन क्षेत्र को मजबूती मिली है. मधुर क्रांति के कारण भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा शहद उत्पादक देश बना है. वहीं, हाल के वर्षों में समुद्री खाद्य उत्पादों का निर्यात भी दोगुना हुआ है.
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि पीएम-किसान योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. उन्होंने किसानों से इस राशि का उपयोग उन्नत किस्म के बीज और अन्य जरूरी कृषि सामग्री खरीदने में करने की अपील की. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश का कृषि बजट लगभग पांच गुना बढ़ा है. इससे कृषि आधारभूत संरचना, किसान कल्याण और कृषि अनुसंधान के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध हुए हैं. कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव फ्रैंकलिन एल खोबुंग, झारखंड के कृषि निदेशक बिद्यानंद शर्मा पंकज, भूमि संरक्षण निदेशक विकास कुमार, निदेशक समेति रामशंकर प्रसाद, उद्यानिकी निदेशक प्रवीण केरकेट्टा और संस्थान के निदेशक डॉ अभिजीत कर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.


