चाकू दिखाकर तीन लोगों से रुपये की छिनतई, एक नाबालिग समेत चार पकड़े गए

जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के काचा नाला के पास मंगलवार सुबह करीब 5.30 बजे चाकू दिखाकर तीन लोगों से रुपये छीनने का मामला सामने आया। बदमाशों की संख्या चार-पांच बतायी जा रही है। आरोप है कि वे स्टेशन की ओर जाने वाले लोगों को रास्ते में रोककर चाकू दिखा रहे थे और रुपये छीन रहे थे। छिनतई के बाद पीड़ितों के साथ मारपीट भी की गई।

कमलपुर गांव के रहने वाले एक अखबार हॉकर ने बताया कि वह रोज सुबह करीब चार बजे स्टेशन पर अखबार खरीदने जाता है। मंगलवार को काचा नाला के पास चार-पांच युवकों ने उसे रोककर चाकू दिखाया, जान से मारने की धमकी दी और 1800 रुपये छीन लिये। इसके बाद उसके साथ मारपीट भी की गई। इसी दौरान दो मछली विक्रेताओं से भी करीब एक हजार रुपये छीन लिये गए।
घटना के बाद पीड़ितों ने परिचितों को जानकारी दी और 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर बागबेड़ा पुलिस की पीसीआर और टाइगर मोबाइल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर एक नाबालिग समेत चार लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए सभी आरोपी जगन्नाथपुर गांव के रहने वाले हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और उनके साथ शामिल अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


