बास्कोनगर से लापता तीन नाबालिग लड़कियां चाईबासा से सुरक्षित बरामद, घर मे बिना बताए रूंगटा गार्डेन घूमने निकली थी

Saraikela : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बास्कोनगर से लापता तीन नाबालिग लड़कियां सुरक्षित बरामद कर ली गई है. तीनों रूंगटा गार्डेन घूमने के उद्देश्य से चाईबासा चली गई थी. प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 जुलाई को बास्को नगर से चार नाबालिग लड़कियां घूमने के लिए निकली थीं. इनमें से एक लड़की मंगलवार दोपहर अपने घर लौट आई थी जबकि तीन अन्य लड़कियां चाईबासा निकल गई थी. परिजनों द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस और परिवार के सदस्य लड़कियों की तलाश में जुट गई थी. लापता लड़कियों की पहचान शांति सामड (14 वर्ष), अनुष्का गगराई (15 वर्ष) एवं सिमरन जोजो (14 वर्ष) के रूप में हुई थी. बरामदगी के बाद परिजनों ने बताया कि आदित्यपुर पुलिस ने बेहतर काम किया है. बिना किसी मोबाइल ट्रैकिंग के उनकी लकड़ियों को सकुशल बरामद किया है. बता दें कि इस दौरान पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही थी तथा आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है. जिसका परिणाम है कि सभी लड़कियां सुरक्षित मिल गई. परिजनों ने भी आम लोगों से अपील की थी कि यदि किसी को इन लड़कियों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल आदित्यपुर थाना या उनके परिजनों को सूचित करें. जिसका फलाफल उन्हें सकारात्मक रूप से मिला है.




