शिक्षकों के ट्रांसफर की तारीख बदली, अब 4 से 10 अक्टूबर तक होंगे ऑनलाइन आवेदन

बिहार : शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया के लिए शिक्षा विभाग ने संशोधित समय-सारणी जारी की है। अब शिक्षक 4 अक्टूबर से सामान्य ट्रांसफर के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर 4 से 10 अक्टूबर तक आवेदन लिए जाएंगे। पहले यह प्रक्रिया 17 सितंबर से शुरू होनी थी। बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के कारण स्थानांतरण प्रक्रिया के पहले और दूसरे चरण की गतिविधियों में हुई देरी को देखते हुए विभाग ने तारीखों में बदलाव किया है।


संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, समायोजन और पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 अक्टूबर को स्कूलवार संशोधित रिक्तियों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद शिक्षक अपनी वरीयता के अनुसार विद्यालयों का विकल्प चुनकर 4 से 10 अक्टूबर तक ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामान्य स्थानांतरण की सूची तैयार की जाएगी। सूची के प्रकाशन के साथ अपील की प्रक्रिया भी शुरू होगी। संशोधित समय-सारणी के अनुसार, सामान्य स्थानांतरण की सूची के प्रकाशन, अपील और अपीलों के निष्पादन की प्रक्रिया 12 अक्टूबर से शुरू होकर 18 नवंबर तक पूरी की जाएगी। बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 के तहत पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जा रही है।


