अफरा-तफरी के बीच अचानक भगदड़, मंदिर परिसर में मचा हड़कंप






मधुपुर : मधुपुर के प्रसिद्ध बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। कतारें लगातार लंबी होती गईं और भीड़ का दबाव बढ़ने लगा। इसी दौरान अचानक धक्का-मुक्की शुरू होने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत सक्रिय होकर भीड़ को नियंत्रित किया और स्थिति सामान्य कराई।


घटना के बाद मंदिर परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए श्रद्धालुओं को कतार में आगे बढ़ाया जा रहा है और मंदिर में पूजा-अर्चना सुचारू रूप से जारी है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से जल्दबाजी और धक्का-मुक्की नहीं करने तथा कतार में रहकर सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


