अस्पताल के NICU में भीषण आग, 9 नवजातों के बीच मची अफरा-तफरी



अमरावती : जिला महिला अस्पताल के एनआईसीयू में सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे अचानक आग लग गई। तीसरी मंजिल पर स्थित वार्ड के कमरे नंबर 3 में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल की पुलिस चौकी पर मौजूद गार्ड ने धुआं देखकर तुरंत अलार्म बजाया। एनआईसीयू के तीन कंपार्टमेंट में से एक में उस समय 9 नवजात भर्ती थे। आग तेजी से फैलने लगी और तीन बच्चे इसकी चपेट में आ गए, जबकि 6 बच्चों को इलाज के लिए दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। तीनों बच्चों की मौजूदा स्थिति को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।


आग और धुआं फैलते ही अस्पताल की पहली मंजिल पर मौजूद मरीज अपने बच्चों को लेकर नीचे भागने लगे। एनआईसीयू में मौजूद स्टाफ बच्चों को सुरक्षित निकालने में जुट गया। गार्ड ने भी वार्ड में पहुंचकर बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया और एक नर्स ने बचाव में मदद की। घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।


