होटल में अचानक लगी आग, 45 मिनट बाद पहुंची दमकल से मचा हड़कंप



चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित मालकोचा के यदुवंशी लाइन होटल में गुरुवार को अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में लपटें होटल के एक हिस्से तक फैल गईं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धुआं और आग की लपटें देखकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब 45 मिनट लगे। इस दौरान स्थानीय लोग पानी और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास करते रहे। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से आग को पूरी तरह बुझाया और इसे आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया।
घटना में होटल के अंदर रखा फर्नीचर, घरेलू सामान और अन्य सामग्री जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि कोई व्यक्ति आग की चपेट में नहीं आया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने जांच शुरू कर नुकसान का आकलन करना शुरू कर दिया है।


