दीपावली पर पटाखा दुकानों के लिए अग्निशमन विभाग ने जारी किए सुरक्षा निर्देश

घाटशिला : दीपावली पर पटाखों की बिक्री के दौरान आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अग्निशमन पदाधिकारी रामाशीष राम ने अस्थायी पटाखा दुकान संचालकों को सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया है। दुकानदारों को अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्राप्त करने के बाद ही दुकान लगाने और बिक्री शुरू करने को कहा गया है। सुरक्षा नियमों का उल्लंघन होने पर संबंधित आयोजकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।


विभाग के निर्देश के अनुसार, अस्थायी पटाखा दुकानें निर्धारित क्लस्टर में ही लगाई जा सकेंगी। दुकानों के निर्माण में ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। दुकानों के बीच एक से तीन मीटर की दूरी और अस्पतालों सहित अन्य संवेदनशील स्थलों से कम से कम 50 मीटर की दूरी रखना अनिवार्य होगा। भीड़भाड़ वाले इलाकों और चौक-चौराहों पर पटाखे छोड़ने, दुकानों के आसपास पटाखे जलाने, मोमबत्ती या दीया जलाने और धूम्रपान करने पर भी प्रतिबंध रहेगा। दुकानदार केवल अधिकृत और गुणवत्तापूर्ण पटाखे बेच सकेंगे। बिजली के खुले या क्षतिग्रस्त तारों का इस्तेमाल भी नहीं किया जा सकेगा।
आग से बचाव के लिए प्रत्येक दुकान में पानी की बाल्टी, बालू, पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र और एबीसी ड्राई पाउडर अग्निशमन यंत्र रखना जरूरी होगा। दुकानों में स्मोक डिटेक्टर लगाने, कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा की जानकारी देने और दमकल वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता खुला रखने का निर्देश दिया गया है। किसी भी अप्रिय घटना या आग लगने पर अग्निशमन केंद्र के मोबाइल नंबर 9296793961 या आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी जा सकती है। विभाग ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी से आगजनी होने पर संबंधित आयोजकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।


