यशस्वी यादव ने नेशनल कराटे टूर्नामेंट में जीता गोल्ड, राज्यपाल ने किया सम्मानित

जमशेदपुर : झारखंड की कराटे खिलाड़ी यशस्वी यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया है। तमिलनाडु में आयोजित नेशनल कराटे टूर्नामेंट-2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाली यशस्वी को रांची स्थित राजभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सम्मानित किया। उनकी इस उपलब्धि से उनके परिवार और खेल जगत में खुशी का माहौल है।


यशस्वी यादव ने 7, 8 और 9 अक्टूबर 2026 को तमिलनाडु के एमजीवी ग्लोबल एकेडमी में आयोजित प्रतियोगिता के गर्ल्स 60-64 किलोग्राम कुमिते वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वह अनुभवी कराटे प्रशिक्षक कान्चो एल. नागेश्वर राव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत को उनकी सफलता का आधार बताया गया है।
राजभवन में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान यशस्वी के साथ रांची के रेंशी शहजाद कुरैशी और जमशेदपुर के सेंसेई नीरज कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने यशस्वी की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी सफलता से झारखंड गोजू र्यू कराटे डू एसोसिएशन में भी उत्साह है।


