स्टेट लाइब्रेरी में अचानक लगी आग, छात्रों में मची अफरा-तफरी

रांची : फिरायालाल स्थित स्टेट लाइब्रेरी में मंगलवार को अचानक आग लगने की सूचना से हड़कंप मच गया। आग की जानकारी मिलते ही लाइब्रेरी में मौजूद छात्र घबराकर इधर-उधर भागने लगे और परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लाइब्रेरी में मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और कुछ ही देर में उस पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


आग लगने की घटना के बाद लाइब्रेरी की सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यहां बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई करने पहुंचते हैं। ऐसे में अचानक आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए उपलब्ध सुरक्षा इंतजामों को लेकर चर्चा शुरू हो गयी है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आयी है। लाइब्रेरी के किस-किस सामान को नुकसान पहुंचा है, इसका भी आकलन किया जा रहा है। जांच के बाद आग लगने की वजह और नुकसान की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


