14 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तारी के बाद हथियार सप्लाई नेटवर्क की तलाश में पुलिस

जमशेदपुर : सोनारी में 14 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार गोलू सिंह से पूछताछ के बाद पुलिस शहर में अवैध हथियार और कारतूस की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस जांच कर रही है कि गिरोह के सदस्य शहर में हथियार और कारतूस कैसे पहुंचाते थे, इस कारोबार में उनके संपर्क किन लोगों से हैं और शहर के किन-किन इलाकों तक उनकी पहुंच है। पुलिस के अनुसार, गोलू सिंह ने बताया कि उसने 14 कारतूस न्यू ग्वाला बस्ती निवासी पिंटू यादव उर्फ भैंसा से खरीदे थे। इन कारतूस को सोनारी के राजा खटाल के पास रहने वाले सी बच्चा तक पहुंचाना था।


गोलू के बयान के आधार पर पुलिस ने पिंटू यादव और सी बच्चा को भी प्राथमिकी में नामजद किया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जांच में कारतूस की आपूर्ति का स्रोत भी पुलिस के लिए अहम है। इससे पहले 15 नवंबर को सोनारी पुलिस ने जॉगर्स पार्क से मरीन ड्राइव जाने वाले रास्ते पर वाहन जांच के दौरान गोलू सिंह को 14 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त की थी।


